UP By Election: यूपी उपचुनाव में पोस्टर वार थमने का नाम ही नहीं ले रहा है। इसी बीच लखनऊ के बीजेपी कार्यालय पर लगा एक पोस्टर वायरल हो रहा है, जो चर्चा का विषय बन गया है।समाजवादी पार्टी के संस्थापक और उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री मुलायम सिंह यादव की 85वीं जयंती से पहले भाजपा कार्यालय के बाहर एक होर्डिंग लगाई गई है। इसमें नेताजी को श्रद्धांजलि अर्पित की गई है। ये होर्डिंग एक बीजेपी कार्यकर्ता ने लगवाई है।
होर्डिंग में मुलायम सिंह यादव के साथ उनकी बहू और बीजेपी नेता अपर्णा यादव की तस्वीर है। इस होर्डिंग को बीजेपी कार्यकर्ता चौधरी विवेक बलियान ने लगवाया है।
बहू अपर्णा यादव की तस्वीर भी लगी
होर्डिंग पर लिखा है- ‘श्रद्धेय नेताजी को 85वीं जयंती पर शत-शत नमन।’ इस पोस्टर से राजनीतिक गलियारों में चर्चा छिड़ गई है। अपर्णा यादव, जिन्होंने 2022 में बीजेपी का दामन थामा था, उनके नेताजी से जुड़ाव को लेकर बयानबाजी तेज हो गई है।पोस्टर कार्यकताओं पर पड़ सकता है असर
चर्चा है कि यह कदम नेताजी के सम्मान में उठाया गया है, लेकिन इसका असर भाजपा और सपा कार्यकर्ताओं पर पड़ सकता है। सपा के कुछ कार्यकर्ताओं ने इस पर नाराजगी भी जताई है। वहीं, बीजेपी ने इसे अपर्णा यादव की व्यक्तिगत श्रद्धांजलि बताया है।
महिला आयोग में उपाध्यक्ष हैं अपर्णा यादव
अभी नेताजी की छोटी बहू अपर्णा यादव बीजेपी में हैं और सरकार ने उन्होंने उत्तर प्रदेश महिला आयोग का उपाध्यक्ष नियुक्त किया है। हालांकि कुछ दिन पहले उनकी नाराजगी की खबरें सुर्खियों में रही थी। कुछ मीडिया रिपोर्टस में सपा के साथ संपर्क में होने का दावा कर दिया गया था। बाद में अपर्णा यादव ने खुद इन अटकलें पर ब्रेक लगा दिया था। तब उन्होंने महिला आयोग में उपाध्यक्ष का पद संभाला था।
