Road Accident

Highway Accident: लखनऊ के बंथरा में शनिवार देर रात चालक को झपकी आने पर तेज रफ्तार ट्रक अनियंत्रित होकर डिवाइडर पर चढ़ गया। ट्रक में लदे लोहे के एंगल केबिन को चीरते हुए आगे निकल आए। हादसे में सरोजनीनगर के पिपरसंड निवासी यूसुफ ( 35 ) दब गए। साढ़े चार घंटे तक फंसे रहने के चलते उनकी मौत हो गई। उन्नाव के आसीवन निवासी ट्रक चालक जीशान व क्लीनर मो. इरफान बाल- बाल बच गए।

ट्रक में लदे लोहे के एंगल केबिन को चीरते हुए आगे निकला

मूलरूप से आसीवन के रहने वाले यूसुफ 15 साल से पिपरसंड स्थित अपनी ससुराल में रहकर ट्रक चलाते थे । कुछ दिन पहले वह ट्रक लेकर कानपुर गए थे। वहां शनिवार को ट्रक खराब हो गया था। वह रास्ते में चालक जीशान के ट्रक में सवार होकर घर लौट रहे थे। केबिन में बीच में यूसुफ व किनारे क्लीनर इरफान बैठे थे। रात डेढ़ बजे बंथरा के बनी में जीशान को झपकी आ गई और ट्रक अनियंत्रित होकर डिवाइडर पर चढ़ गया। आनन फानन जीशान व इरफान ट्रक से कूद गए। लोहे के एंगल घुसने से केबिन क्षतिग्रस्त हो गया और यूसुफ दब गए।

केबिन काटकर पुलिस ने फंसे युवक को निकाला बाहर

बंथरा पुलिस ने युसूफ को निकालने का काफी प्रयास किया, पर सफलता नहीं मिल सकी। ऐसे में दमकल और एसडीआरएफ को बुलाया गया। सुबह छह बजे दमकल केविन को काटकर यूसुफ को बाहर निकाल सकी। पुलिस ने उन्हें सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया, वहां इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई। परिवार में पत्नी शबाना व बेटा असद (12), बेटी इलमा (10) और मायरा (5) है ।

आगरा एक्सप्रेस-वे पर तेज रफ्तार बेकाबू कार पलटी

उधर, आगरा एक्सप्रेस-वे पर रविवार सुबह तेज रफ्तार कार अनियंत्रित होकर खंती में गिरकर पलट गई। हादसे में कार में सवार छह लोग घायल हो गए। सभी को ट्रॉमा सेंटर में भर्ती कराया गया है। ग्रामीणों पुलिस का मानना है कि हादसे के वक्त चालक को झपकी लगी और वह स्टेयरिंग से नियंत्रण खो बैठा।

राम मंदिर जा रहे थे कार सवार

ग्रेटर नोएडा के भंगेल निवासी अल्का ( 23 ), उनकी बहन कल्पना (22) सेक्टर- 37 निवासी रोहन कुमार ( 24 ), दिल्ली के शाहदरा निवासी रूपाली (22), सुमित (22) और विकास (23) नोएडा की प्राइवेट कंपनी में काम करते हैं। रोहन टीम लीडर हैं। सभी शनिवार देर रात कार से अयोध्या दर्शन के लिए निकले थे। कार रोहन चला रहे थे। रविवार सुबह करीब आठ बजे एक्सप्रेस वे पर काकोरी टोल प्लाजा से तीन किमी आगे माधवपुर गांव के पास कार बेकाबू हो गई। फिर सुरक्षा जाली और एल्युमिनियम गार्ड तोड़ते हुए खंती में गिरकर पलट गई।

यह भी पढ़ें: महाकुंभ में मौनी अमावस्या स्नान पर मची भगदढ़, 30 लोगों की मौत, अपनों को तलाशते दिखे लोग

ग्रामीणों ने दरवाजा तोड़कर बाहर निकाला

ग्रामीणों ने बताया कि कार की रफ्तार 150 के आसपास रही होगी। खंती में कार के गिरते ही तेज धमाके जैसी आवाज आई। और चीख पुकार सुनाई पड़ने लगी। पुलिस ने लोगों की सहायता से कार के दरवाजों को तोड़कर सभी घायलों को बाहर निकाला।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *