Police Encounter: गोंडा पुलिस ने 1 लाख रुपये के इनामी बदमाश सोनू उर्फ भुर्रे पासी को मुठभेड़ में मार गिराया। यह घटना बेगमगंज थाना क्षेत्र में हुई। पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि भुर्रे पासी इलाके में मौजूद है।
घिरता देख बदमाश ने शुरू की फायरिंग
सूचना मिलते ही पुलिस ने बदमाश की घेराबंदी शुरू कर दी। खुद को चारों तरफ से घिरा देखकर भुर्रे पासी ने पुलिस टीम पर ताबड़तोड़ फायरिंग शुरू कर दी। इस दौरान, एक गोली एसएचओ नरेंद्र राय की बुलेटप्रूफ जैकेट पर लगी, जिससे वे बाल-बाल बच गए। पुलिस ने भी तुरंत जवाबी फायरिंग की।
पुलिस के जवाबी कार्रवाई में लगी गोली
पुलिस की जवाबी फायरिंग में बदमाश सोनू उर्फ भुर्रे पासी को गोली लग गई और वह वहीं जमीन पर गिर पड़ा। पुलिसकर्मी उसे तत्काल अस्पताल लेकर गए, लेकिन डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
बदमाश पर 48 से अधिक मुकदमे दर्ज
सोनू उर्फ भुर्रे पासी लंबे समय से पुलिस की वांटेड लिस्ट में था। उसके खिलाफ हत्या, लूट, डकैती जैसे गंभीर अपराधों के 48 से अधिक मुकदमे दर्ज थे। हाल ही में 24 अप्रैल को उसने एक चोरी की वारदात के दौरान एक व्यक्ति की हत्या कर दी थी, जिसके बाद से वह फरार चल रहा था।
कैसे हुई मुठभेड़?
पुलिस अधीक्षक (SP) विनीत जायसवाल ने बताया कि सोमवार देर रात सोनू सनौली गांव के पास एक और वारदात को अंजाम देने की फिराक में था। मुखबिर की सटीक सूचना पर उमरी-बेगमगंज, खोडारे पुलिस और एसओजी की टीमों ने मिलकर इलाके में सर्च अभियान चलाया।
रात करीब 12:30 बजे, पुलिस टीम ने सोनू को बिना नंबर की बाइक से जाते देखा। पुलिस द्वारा रोकने का इशारा करने पर उसने बाइक की रफ्तार और बढ़ा दी। पुलिस टीम ने उसका पीछा किया और खुद को घिरता देख सोनू ने पुलिस पर फायरिंग शुरू कर दी। एक गोली थानाध्यक्ष नरेंद्र राय की बुलेटप्रूफ जैकेट पर लगी, जिससे वे बाल-बाल बच गए।
बदमाश के सीने में लगी गोली
पुलिस की जवाबी कार्रवाई में सोनू के सीने में गोली लग गई। गोली लगते ही वह जमीन पर गिर पड़ा। पुलिस उसे तुरंत सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बेलसर ले गई, जहां से हालत गंभीर होने पर उसे गोंडा मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया गया। हालांकि, डॉक्टरों ने वहां उसे मृत घोषित कर दिया।
पुलिस ने मुठभेड़ स्थल से सोनू के पास से एक बिना नंबर की बाइक, एक पिस्टल और एक तमंचा बरामद किया है। एडीजी गोरखपुर ज़ोन ने उस पर 1 लाख रुपये का इनाम घोषित कर रखा था। सोनू को फरवरी 2021 में गिरफ्तार किया गया था, लेकिन कुछ महीनों बाद वह जमानत पर बाहर आ गया था और तब से फरार चल रहा था। 24 अप्रैल को उसने चोरी के दौरान एक व्यक्ति की हत्या भी की थी।
